मानसा में नशे के खिलाफ लड़ने वाले परविंदर झोटा की हत्या ने सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम का जनाज़ा निकाल दिया—डॉ. करीमपुरी


हुशियारपुर/दलजीत अजनोहा
मानसा में नशे और ड्रग माफिया के खिलाफ दृढ़ता से पहरा देने वाले युवा परविंदर सिंह झोटा की बेरहमी से हत्या को लेकर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अवतार सिंह करीमपुरी ने सरकार को कड़े शब्दों में घेरते हुए एक तीखा प्रेस बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि परविंदर झोटा की हत्या ने पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम का जनाज़ा निकाल दिया है। जब नशा तस्करों के खिलाफ लड़ने वाले बहादुर युवा ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाज़ा आसानी से लगाया जा सकता है।
डॉ. करीमपुरी ने मांग की कि पीड़ित परिवार की सभी मांगों को बिना किसी देरी के स्वीकार किया जाए और हत्यारों को मिसाली सज़ा दी जाए। उन्होंने पंजाब के लोगों से सवाल किया कि प्रदेश की मौजूदा बर्बादी के लिए ज़िम्मेदार कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा और ‘आप’ जैसी चारों पार्टियों को अब एक और मौका देने का कोई औचित्य नहीं बचता। उन्होंने कहा कि इन चारों दलों को पंजाब की प्रगति और युवा पीढ़ी को बर्बाद करने के लिए नकारा जाना चाहिए।
बसपा की ‘पंजाब संभालो मुहिम’ से जुड़ने का आह्वान करते हुए डॉ. करीमपुरी ने ऐलान किया कि पंजाब से ड्रग माफिया की जड़ें उखाड़ने और माताओं के बेटों को मौत के मुंह से बचाने के लिए बसपा द्वारा ‘पंजाब संभालो मुहिम’ पूरी ताकत के साथ चलाई जा रही है। उन्होंने पंजाबियों से अपील की कि इस मुहिम को भरपूर आशीर्वाद दें, ताकि प्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सके।

Comments