माहिलपुर में फूड सेफ्टी टीम ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच की, स्वच्छता के प्रति किया जागरूकजूस विक्रेताओं की भी की गई जांच, निरीक्षण के दौरान किसी भी विक्रेता द्वारा आर्टिफिशियल फूड कलर का इस्तेमाल नहीं पाया गया।
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फूड सेफ्टी विभाग द्वारा जिले में लगातार जांच एवं सैंपलिंग की जा रही है। कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़, आई.ए.एस., डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर श्रीमती आशिका जैन, आई.ए.एस. तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों के अनुसार और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में फूड सेफ्टी टीमों द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के मानकों को सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी के तहत फूड सेफ्टी अधिकारी श्री ईशान बंसल और उनकी टीम द्वारा माहिलपुर क्षेत्र में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच की गई। इस दौरान विक्रेताओं को खाद्य पदार्थ तैयार करते समय और ग्राहकों को परोसते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, कूड़े के उचित निपटारे के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने तथा खाद्य पदार्थों को संभालते समय दस्ताने और सिर पर कैप पहनने के संबंध में जागरूक किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि लगभग सभी स्ट्रीट फूड विक्रेता सिर पर कैप पहने हुए थे। इसके अतिरिक्त, जूस विक्रेताओं की विशेष रूप से जांच की गई कि जूस तैयार करते समय किसी प्रकार के आर्टिफिशियल फूड कलर का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जांचे गए किसी भी विक्रेता द्वारा जूस में आर्टिफिशियल फूड कलर का इस्तेमाल किया जाना नहीं पाया गया।
फूड सेफ्टी टीम द्वारा विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में भी स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्हें खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगह को साफ-सुथरा रखने, कूड़े को खुले में न फेंकने, खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।
Comments
Post a Comment