होशियारपुर/दलजीत अजनोहा राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री अविनाश राय खन्ना को धान खरीद सीजन 2026-27 के दौरान राइस मिलर्स को पेश आने वाली गंभीर समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में राइस मिलिंग उद्योग को आर्थिक संकट से बचाने तथा धान की खरीद, भंडारण एवं चावल की डिलीवरी से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई।
इस मौके एसोसिएशन ने खन्ना को बताया कि पंजाब में राइस मिलर्स हर वर्ष किसानों और आढ़तियों के हितों को ध्यान में रखते हुए धान के भंडारण की जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए अपना कारोबार चलाना लगातार कठिन होता जा रहा है। यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो राइस मिलिंग उद्योग के भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। एस्सोसिएशन ने मांग की कि चावल के भंडारण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाई जाए। इस वर्ष फसल के लगभग 35,000 से 40,000 रैक चावल की डिलीवरी अभी लंबित है। भारतीय खाद्य निगम के पास पर्याप्त भंडारण स्थान न होने के कारण मिलर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नए धान का भंडारण करना उनके लिए आर्थिक जोखिम बन गया है। एसोसिएशन ने मांग की कि सरकार 31 मार्च तक पर्याप्त भंडारण स्थान उपलब्ध करवाने की लिखित गारंटी दे तथा देरी होने की स्थिति में चावल की रिकवरी संबंधी रियायतों की नीति स्पष्ट करे।
खन्ना ने एसोसिएशन को आश्वासन दिलाया की केंद्र सरकार की मदद से वे राइस मिलर्स की समस्याओं का समाधान करवाने का हर संभव प्रयास करेंगे । इस मौके राइस मिलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री संजीव नैय्यर, संरक्षक श्री परमजीत सिंह मोटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र अग्रवाल तथा महासचिव श्री मंदीप सिंह मनी भी उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment