फतेहगढ़ साहिब/दलजीत अजनोहा
श्रोमणी गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री अमृतसर साहिब के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी द्वारा प्रमुख समाजसेवी, सीनियर अकाली नेता एवं अमलोह क्षेत्र के प्रभारी गुरप्रीत सिंह अमलोह को माता गुजरी कॉलेज की गवर्निंग काउंसिल का एडिशनल सचिव नामित किए जाने के उपरांत उनकी पहली औपचारिक बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक श्रोमणी गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के सीनियर उप अध्यक्ष रघुजीत सिंह विरक की अध्यक्षता में हुई, जिसमें कॉलेज की शैक्षणिक प्रगति, प्रशासनिक कार्यों तथा भविष्य के विकास से संबंधित विभिन्न रचनात्मक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर श्रोमणी गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के शैक्षणिक संस्थानों के सचिव विद्या इंजी. श्री सुखमिंदर सिंह, कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बिक्रमजीत सिंह तथा समस्त स्टाफ ने गुरप्रीत सिंह अमलोह को नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई दी।
शैक्षणिक संस्थानों के सचिव विद्या इंजी. सुखमिंदर सिंह ने गुरप्रीत सिंह अमलोह को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि वे समाज में लंबे समय से निभाई जा रही अपनी सेवाओं के कारण कॉलेज की प्रगति और सुधार में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इससे पहले कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बिक्रमजीत सिंह ने गुरप्रीत सिंह अमलोह का स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज की शैक्षणिक आवश्यकताओं तथा विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर श्री गुरप्रीत सिंह अमलोह ने श्रोमणी गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी जी का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि वे उनके द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को पूरी तन्मयता, ईमानदारी और समर्पण भावना के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे कॉलेज की सर्वांगीण उन्नति, शैक्षणिक प्रगति, खेलों के विकास तथा संस्था की विभिन्न गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर फतेहगढ़ साहिब जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं मैनेजमेंट सदस्य बलजीत सिंह भुट्टा, मैनेजमेंट सदस्य जरनैल सिंह माजरी, मैनेजमेंट सदस्य हरबंस सिंह वडाली, जिला प्रधान फतेहगढ़ साहिब एवं मैनेजमेंट सदस्य शरणजीत सिंह चनारथल, यूथ अकाली दल के प्रधान तथा घनौर हलके से प्रभारी सरबजीत सिंह झिंजर तथा पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रभारी बस्सी पठानां दरबारा सिंह गुरू का भी कॉलेज में आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति तथा कॉलेज के वरिष्ठ स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment