भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड, तलवाड़ाहिंदी पखवाड़े के तहत ‘नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग’ विषय पर प्रतियोगिता आयोजित
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी), तलवाड़ा में हिंदी पखवाड़े के उपलक्ष्य में मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशानुसार बोर्ड के कर्मचारियों के लिए ‘हिंदी नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग’ विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में ब्यास डैम परियोजना के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि हिंदी पखवाड़ा सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कर्मचारियों को हिंदी में सरल, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि उत्पन्न करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उप मुख्य अभियंता विमल कुमार मीना ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने दिए गए विषयों पर हिंदी में नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग तैयार की। प्रतियोगिता का उद्देश्य सरकारी पत्राचार में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग को अधिक प्रभावी बनाना तथा कर्मचारियों की भाषाई दक्षता को प्रोत्साहित करना था।
इस प्रतियोगिता के आयोजन में एसडीओ ज्ञान इंदर एवं तरनदीप सिंह तथा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के विजेताओं को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
Comments
Post a Comment