जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का तिमाही निरीक्षण किया



होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 
 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने आज जिला स्तर पर बनाए गए ईवीएम वेयरहाउस का सितंबर-2026 का तिमाही निरीक्षण किया। इस दौरान राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस को खोलकर अंदरूनी निरीक्षण किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और प्रतिनिधियों सहित निरीक्षण प्रक्रिया के तहत वेयरहाउस को खोलकर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति, सुरक्षा प्रबंधों, सीलिंग व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पूरे रिकॉर्ड, लॉग बुक और एंट्री रजिस्टरों की भी समीक्षा की।

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस का तिमाही निरीक्षण एक नियमित और जरूरी प्रक्रिया है, जो प्रत्येक जिले में समय-समय पर की जाती है। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना है।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर निधि कुमुद बंबाह, जिला राजस्व अधिकारी अमनदीप सिंह चावला, सहायक निदेशक बागवानी जसपाल सिंह ढेरी, चुनाव तहसीलदार रमणदीप कौर, कानूनगो लखवीर राणा के अलावा राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि कांग्रेस पार्टी की ओर से रजनीश टंडन, आम आदमी पार्टी की ओर से खुशी राम धीमान, सीपीआई(एम) की ओर से बलविंदर सिंह आदि मौजूद थे।

Comments