नशे के खिलाफ जंग में जनता का सहयोग बेहद जरूरी : डीएसपी भारत भूषणनशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार के प्रयास जारी



होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। डीएसपी भारत भूषण ने दलजीत अजनोहा के साथ विशेष बातचीत के दौरान यह जानकारी साझा की।

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव की रहनुमाई और एसएसपी होशियारपुर संदीप मलिक के दिशा-निर्देशों के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस द्वारा नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसी के तहत नशे की लत का शिकार हो चुके लोगों को नशा छुड़ाने वाले केंद्रों तक पहुंचाकर उन्हें नशा छोड़ने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

डीएसपी ने बताया कि जो युवा नशा छोड़कर दोबारा काम-धंधे से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें स्किल डेवलपमेंट सेंटरों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के हुनर सिखाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार तथा स्वरोजगार से जोड़ना नशे की समस्या से निपटने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

नशे के कारोबार में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि नशा तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कई नशा तस्करों के घरों पर आज ताले लगे हुए हैं तथा कई मामलों में अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है।

डीएसपी भारत भूषण ने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का अधिक से अधिक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि आम लोग नशा तस्करी तथा नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं और अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास करें तो पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने में बड़ी मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्ती के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परिवार, समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशामुक्त पंजाब के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Comments