हमारे राम’ को होशियारपुर में मिला भरपूर जनसमर्थन- सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, करुणा और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है भगवान श्री राम का जीवन: मनीष सिसोदिया- बड़ी संख्या में दर्शकों ने लिया भव्य नाट्य एवं संगीतमय प्रस्तुति का आनंद
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशवासियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित प्रसिद्ध नाट्य एवं संगीतमय प्रस्तुति ‘हमारे राम’ को होशियारपुर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने वाला था और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही । जेम्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी और आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचे।
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रस्तुति के दूसरे दिन दर्शकों के बीच पहुंचकर ‘हमारे राम’ नाटक का आनंद लिया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक ब्रम शंकर जिंपा व पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली, मेयर प्रवीण सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
दर्शकों को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशभर में इस तरह की उच्च स्तरीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां करवाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ‘हमारे राम’ केवल एक नाटक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को समझने का सुंदर माध्यम है।
उन्होंने कहा कि रामायण ज्ञान, संस्कार और जीवन-यात्रा का सदाबहार स्रोत है। भगवान श्री राम का जीवन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, करुणा और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों पर कायम रहना और रिश्तों एवं जिम्मेदारियों का सम्मान करना भगवान श्री राम के जीवन से मिलने वाली महत्वपूर्ण सीख है।
सिसोदिया ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे रामायण के गहरे संदेश को समझें और इसके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में भी भगवान श्री राम के आदर्श उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा, राहुल आर. भुच्चर, तरुण खन्ना सहित पूरी कलाकार टीम की शानदार प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों ने अपनी दमदार अदाकारी से रामायण के प्रसंगों और भगवान श्री राम के चरित्र को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर एसएसपी संदीप कुमार मलिक, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) राकेश कुमार मीणा सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment