9 अक्टूबर की आदमपुर बसपा सरकार बनाओ रैली पंजाब की राजनीति में नया इतिहास रचेगी: डॉ. करीमपुरी


होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
बहुजन समाज पार्टी पंजाब के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने भुंगा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान 9 अक्टूबर को बहुजन नायक साहिब श्री कांशीराम जी के प्री-निर्वाण दिवस के अवसर पर आदमपुर में आयोजित की जा रही विशाल बसपा सरकार बनाओ रैली की तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाईं।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. करीमपुरी ने कहा कि 9 अक्टूबर को आदमपुर की धरती पर होने वाली बसपा रैली ऐतिहासिक होगी, जो पंजाब की राजनीति को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि श्री कांशीराम जी ने शोषित, वंचित और गरीब वर्गों को सत्ता का मालिक बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए बहुजन समाज पार्टी पंजाब में बहुजन समाज के नेतृत्व वाली सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. करीमपुरी ने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों, आर्थिक बदहाली और लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था से परेशान हो चुके हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। ऐसे समय में बहुजन समाज पार्टी ही लोगों के लिए एकमात्र भरोसेमंद विकल्प है।
उन्होंने भुंगा में आयोजित बैठक के दौरान बसपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि वे 9 अक्टूबर को बड़ी संख्या में आदमपुर पहुंचकर श्री कांशीराम जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें और रैली को सफल बनाकर विरोधी दलों को अपनी ताकत का अहसास करवाएं।
इस अवसर पर पंजाब सचिव मनिंदर शेरपुरी, जिला अध्यक्ष दलजीत राय, निशान चौधरी, सुरजीत लाल पाल, डॉ. जसपाल सिंह, वरिंदर विक्की, संदीप पंडोरी सुमलां, जोगिंदर चक्क लादियां सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा जिला और विधानसभा स्तर के बसपा समर्थक उपस्थित थे।

Comments