6 सितंबर को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर लगेगा विशेष कैंप: ज़िला निर्वाचन अधिकारी



होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पंजाब में चल रहेस्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत जिले के सभी पोलिंग बूथों पर 6 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों का मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा मतदाताओं को विभिन्न चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने बताया कि विशेष कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने पोलिंग बूथों पर उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिकों से आवश्यकता के अनुसार फॉर्म नंबर 6, फॉर्म नंबर 6-ए और फॉर्म नंबर 8 भरवाए जाएंगे तथा संबंधित घोषणा पत्र एवं आवश्यक सहायक दस्तावेज भी प्राप्त किए जाएंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का अधिक से अधिक मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है और पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए इस विशेष कैंप का लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान दिव्यांग (पीडब्लूडी) मतदाताओं की पहचान भी की जाएगी और उनकी आवश्यक मार्किंग के लिए फॉर्म नंबर 8 भरवाए जाएंगे, ताकि उन्हें चुनाव संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।

आशिका जैन ने बताया कि जिले की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों को भी विशेष कैंप के संबंध में पहले से सूचित किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलए की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

उन्होंने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को अपने अधीन आने वाले पोलिंग बूथों पर आयोजित कैंपों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित स्कूलों एवं कार्यालयों के प्रमुखों को भी निर्देश दिए कि जिन स्कूलों अथवा कार्यालयों में पोलिंग बूथ स्थापित हैं, वे 6 सितंबर को विशेष कैंप के दौरान खुले रखें तथा बीएलओ को आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

आशिका जैन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 6 सितंबर को अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने, विवरण में आवश्यक सुधार करवाने तथा अन्य चुनाव संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं।

Comments