होशियारपुर में 4 व 5 सितंबर को होगा प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन : विधायक जिंपाआशुतोष राणा व उनकी टीम भगवान राम जी के जीवन, मूल्यों और दर्शन पर आधारित नाटक की देंगे प्रस्तुतिविधायक जिंपा व पंजाब संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
विधायक ब्रम शंकर जिंपा और पंजाब संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि होशियारपुर में 4 व 5 सितंबर को प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन किया जाएगा। स्थानीय जेम्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाली इन प्रस्तुतियों में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा अपनी पूरी टीम के साथ भगवान राम जी के जीवन, आदर्शों, मूल्यों और दर्शन पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक जिंपा और सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश में आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भावना और सभी धर्मों के सम्मान को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में सनातन धर्म की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत एवं भगवान राम जी के जीवन से जुड़े आदर्शों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हमारे राम’ नाटक का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 4 और 5 सितंबर को प्रतिदिन दो-दो शो दोपहर 2 बजे व शाम 6.30 बजे आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से यह शो निशुल्क आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इन प्रस्तुतियों में शामिल होकर भगवान राम जी के जीवन एवं दर्शन से जुड़े संदेश को समझने और इस शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति का अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्राप्त करें।
विधायक जिंपा और दीपक बाली ने कहा कि ‘हमारे राम’ जैसी प्रस्तुतियां विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भगवान राम जी के आदर्श जीवन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भगवान राम जी का सादा जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और धार्मिकता समाज के लिए सदैव प्रेरणादायक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से सनातन धर्म की परंपराओं एवं मूल्यों के संरक्षण और प्रोत्साहन के साथ-साथ सभी धर्मों के संतों-महापुरुषों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम को लोगों का भरपूर समर्थन मिला है। इसके अलावा पटियाला में करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से काली माता मंदिर के विकास कार्य जारी हैं तथा अमृतसर स्थित राम तीर्थ में माता सीता एवं लव-कुश मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सभी धर्मों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महापुरुषों का सम्मान करती है। इसी क्रम में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को सफलतापूर्वक मनाया गया है, जबकि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर वर्षभर मनाया जा रहा है। इसके अलावा पहली बार भगवान परशुराम जयंती को राज्य स्तर पर मनाया गया है।
विधायक जिंपा और सलाहकार दीपक बाली ने शहरवासियों से अपील की कि वे ‘हमारे राम’ नाटक की प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण सैनी, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कुमार, एसडीएम परमप्रीत सिंह, तेजिंदर राणा भी मौजूद थे।
Comments
Post a Comment