खेडां वतन पंजाब दीयां-2026’ के ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों का उत्साह के साथ आगाजपहले दिन जिले के विभिन्न ब्लॉकों में करीब 1500 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा



होशियारपुर /दलजीत अजनोहा 

पंजाब सरकार के खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2026, सीजन-4’ के तहत आज जिले के विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों की शुरुआत हुई। पहले दिन खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (सर्कल स्टाइल), कबड्डी (नेशनल स्टाइल), वॉलीबॉल (शूटिंग व स्मैशिंग) और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

जिला खेल अधिकारी होशियारपुर सुरजीत सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 7 से 9 सितंबर तक करवाए जा रहे हैं। पहले दिन जिले में करीब 1500 खिलाड़ियों एवं खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।

ब्लॉक होशियारपुर-2 के गांव बोहन स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खेल मुकाबलों का उद्घाटन विधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि किया। यहां अंडर-21 एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ में गोपी ने पहला, जसकरण सिंह ने दूसरा और हरमनदीप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।

ब्लॉक गढ़शंकर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खेल मुकाबलों का उद्घाटन डिप्टी स्पीकर पंजाब जय कृष्ण रोड़ी के ओएसडी चरणजीत सिंह चन्नी ने किया। इस अवसर पर एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार भी मौजूद रहे। अंडर-17 लड़कों की 100 मीटर दौड़ में रोहित शर्मा ने पहला, हरजाप सिंह ने दूसरा और तुषार चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

ब्लॉक टांडा के ज्ञानी करतार सिंह मेमोरियल कॉलेज में विधायक टांडा जसबीर सिंह राजा ने खेलों का उद्घाटन किया। अंडर-14 लड़कियों की 600 मीटर दौड़ में दीपिका ने पहला, मानवी सैनी ने दूसरा और मनरीत कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसी तरह ब्लॉक मुकेरियां में कैंप ग्राउंड में हलका इंचार्ज मुकेरियां सरबजीत सिंह साबी ने खेल मुकाबलों का उद्घाटन किया। अंडर-21 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों की 800 मीटर दौड़ में साहिलप्रीत सिंह ने पहला, राहुल सिंह ने दूसरा और मनहरदीप सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल अंडर-17 लड़कों के मुकाबले में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हरसे कलोता की टीम ने पहला, हरदो खुंदपुर ने दूसरा और हरसे मानसार क्लब ने तीसरा स्थान हासिल किया।

जिला खेल अधिकारी ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और स्वस्थ एवं खेल भावना से भरपूर वातावरण तैयार करना है।

Comments