18-19 वर्ष के युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए 10 सितंबर को होगा मेगा इवेंट: ओएशी मंडलयुवा मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने और उन्हें मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से
रयात-बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 10 सितंबर को सुबह 11 वजे आयोजित किए जाने वाले मेगा इवेंट की तैयारियों को लेकर आज रयात-बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में ओएसडी (शहरी मामले) ओएशी मंडल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एसडीएम होशियारपुर परमप्रीत भी मौजूद थे।
बैठक में ओ.एस.डी. ओएशी मंडल ने बताया कि कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर-कम-ज़िला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन मुख्य मेहमान के तौर पर शिरकत करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के मतदाता पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और उन्हें मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी मजबूत करने के लिए यह जरूरी है कि प्रत्येक पात्र युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भी प्रेरित करें।
बैठक के दौरान ओएशी मंडल ने 10 सितंबर को होने वाले मेगा इवेंट की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से कार्य करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में चुनाव तहसीलदार रमनदीप कौर, स्वीप नोडल अधिकारी अंकुर शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा सरकारी कॉलेज होशियारपुर, विभिन्न तकनीकी एवं उच्च शिक्षण संस्थानों तथा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्वीप अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
Comments
Post a Comment