हनुमान जी की प्रतिमा के सामने शराब का ठेका नहीं हटा तो कल शिवसेना हिंदुस्तान एसी हनुमंत सहित इन्स्पेक्टर का पुतला फूंक प्रदर्शन करेगी : राणाआस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, एसी हनुमंत सिंह और इंस्पेक्टर अमरेंद्र रंधावा के खिलाफ होगा प्रदर्शन : राजेंद्र राणा


होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा मंगुवाल मार्ग पर हनुमान जी की प्रतिमा के ठीक सामने तथा आशा देवी माता मंदिर से पहले स्थित शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर शिवसेना हिंदुस्तान ने प्रशासन और एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थान के सामने शराब का ठेका एवं हाता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन द्वारा पहले भी प्रशासन के समक्ष इस मामले को उठाया गया था तथा संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी।
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि ठेके पर मौजूद एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के इंस्पेक्टर अमरेंद्र रंधावा से जब संगठन के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में बात की, तो उनकी ओर से ठेका बंद करवाने को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया। राणा ने कहा कि प्रशासनिक आश्वासन के बावजूद यदि मौके पर ठेका चलता रहा, तो शिवसेना हिंदुस्तान इसे गंभीरता से लेगी।
उन्होंने घोषणा की कि यदि कल तक हनुमान जी की प्रतिमा के सामने स्थित उक्त शराब का ठेका बंद नहीं करवाया गया, तो शिवसेना हिंदुस्तान द्वारा कल पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के सहायक कमिश्नर हनुमंत सिंह तथा संबंधित अधिकारी इंस्पेक्टर अमरेंद्र रंधावा का पुतला फूक कर उनकी कार्यप्रणाली के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
राजेंद्र राणा ने कहा कि 
शिवसेना हिंदुस्तान सक्षम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत देकर लागू कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग करेगी।
राजेंद्र राणा ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने का कोई कृत्य सामने आने पर BNS की धारा 299 सहित जो भी धाराएं जांच के आधार पर लागू होंगी, उनके तहत कार्रवाई की मांग की जाएगी। धारा 299 जानबूझकर एवं दुर्भावनापूर्ण तरीके से किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों से संबंधित है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि नवरात्रों के दौरान पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस क्षेत्र में पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल के सामने शराब का ठेका संचालित रहना श्रद्धालुओं की भावनाओं के लिए अत्यंत संवेदनशील विषय है।
उन्होंने कहा, “हनुमान जी की प्रतिमा के सामने शराब का ठेका और हाता हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ है। प्रशासन को टकराव की स्थिति पैदा होने से पहले ही नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि कल का पुतला फूंक प्रदर्शन संगठन के आंदोलन का पहला चरण होगा। यदि इसके बाद भी प्रशासन ने ठेका बंद करवाने अथवा नियमों की जांच के संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो शिवसेना हिंदुस्तान धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन तथा अन्य वैधानिक लोकतांत्रिक आंदोलनों को और तेज करेगी।
राजेंद्र राणा ने कहा कि सरकार और प्रशासन को यह समझना होगा कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी लंबे समय तक स्वीकार नहीं की जाएगी।
 राजेंद्र राणा ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और प्रशासन को इस संवेदनशील मामले में केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि रिकॉर्ड आधारित और दिखाई देने वाली कार्रवाई करनी चाहिए अन्यथा शिवसेना हिन्दोस्तान उग्र प्रदर्शन के लिए भी मजबूर होगी ।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजिंदर शिंदा, बिट्टू लंगेरी, अमित राणा, अमन राणा, भूपिंदर कुमार, अमन शर्मा, राजकुमार जैन, सतीश कुमार, यशपाल, राजा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Comments