शिक्षा के साथ सामाजिक कर्तव्यों का बोध भी जरूरी : खन्नाखन्ना द्वारा केंद्रीय एच.आर.डी. मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर देश के सभी शिक्षण संस्थानों में ई.एस.आर. लागू करने की मांग
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा: पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने केंद्रीय एच.आर.डी. मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों की भावना विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। खन्ना ने कहा कि देश के भविष्य का निर्माण केवल किताबी ज्ञान से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध करवाने से भी होता है।
खन्ना ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष एजुकेशन व सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटीज (ई.एस.आर.) को देश के सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभावी रूप से लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय एवं कॉलेज स्तर से ही जल संरक्षण, बिजली की बचत, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त भारत, स्वच्छ भारत जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। इन विषयों को केवल जागरूकता अभियानों तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। खन्ना ने कहा कि यदि देश के करोड़ों विद्यार्थी जल की एक-एक बूंद बचाने, बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने, पर्यावरण की रक्षा करने, नशे के विरुद्ध समाज को जागरूक करने तथा स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने का संकल्प लें, तो इसका व्यापक और दीर्घकालीन प्रभाव पूरे समाज पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ‘जिम्मेदार विद्यार्थी ही जिम्मेदार नागरिक बनते हैं’ और इसी सोच के साथ शिक्षा व्यवस्था में सामाजिक दायित्वों को उचित स्थान दिया जाना चाहिए। पूर्व सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इस दिशा में देशभर के शिक्षण संस्थानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएं। खन्ना ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय इस महत्वपूर्ण सुझाव पर सकारात्मक विचार करते हुए देश की युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।
Comments
Post a Comment