जे.एस.एस. आशा किरण स्पेशल स्कूल में तीज का पर्व बड़े उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तीज की थीम के अनुरूप आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का रंग बिखर गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुखय अतिथियों सुरजीत गैस एजंसी की निदेशक श्रीमती डॉली चीमा और आलीशान हार्डवेयर एवं अग्रवाल टिंमबर्स से श्रीमती सुदेश सिंगला के गर्मजोशी से स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें फूलकारी और पारंपरिक चूडिय़ां भेंट कर सममानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डिप्लोमा छात्रों ने तीज से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सभी ने सराहना की। विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती शेली शर्मा ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रीमती डॉली चीमा और श्रीमती सुदेश सिंगला विद्यालय की नियमित दानदाता हैं और लंबे समय से संस्था के साथ जुडक़र विशेष बच्चों के कल्याण में योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आशादीप वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. हरबंस सिंह ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर तीज उत्सव के उपलक्ष्य में विशेष बच्चों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के लिए स्वादिष्ट खीर एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया। आशादीप वेलफेयर सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी कर्नल गुरमीत सिंह ने अतिथियों को विद्यालय का भ्रमण करवाते हुए बताया कि स्कूल में वर्तमान में 110 विशेष बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कार्यक्रम में आशादीप वेलफेयर सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी कर्नल गुरमीत सिंह, श्रीमती मधुमीत कौर, मलकीत सिंह महेड़ूू, हरमेश तलवाड़, राम आसा, कोर्स को-ऑर्डिनेटर बरिंदर कुमार, प्रिंसिपल श्रीमती शेली शर्मा, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती इंदु बाला सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विशेष बच्चे उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती डॉली चीमा ने 10,000 रुपये तथा श्रीमती सुदेश सिंगला ने 20,000 रुपये की धनराशि विद्यालय को दान स्वरूप भेंट की, जिसके लिए विद्यालय प्रबंधन ने उनका विशेष धन्यवाद किया।
Comments
Post a Comment