होशियारपुर /दलजीत अजनोहा पेंशनधारक, सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. अजय बग्गा और सामाजिक कार्यकर्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की है कि पंजाब सरकार के कर्मचारियों और पेंशनधारकों को महंगाई भत्ते (डीए) की लंबित किस्तें इसी महीने तुरंत जारी की जाएं। जारी प्रेस नोट में डॉ. बग्गा ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ तथा बाद में कार्यकारी चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और रोहित कपूर की अगुवाई वाली अदालत ने पंजाब सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता जारी करने के आदेश दिए हैं। डॉ. बग्गा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के दो स्पष्ट आदेशों के बावजूद पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने के बारे में सोच रही है। इससे पंजाब सरकार का पैसा बर्बाद होगा और कर्मचारियों व पेंशनधारकों के साथ संबंध भी खराब होंगे। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ता कोई मेहरबानी नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और पेंशनधारकों का अधिकार है। डॉ. बग्गा ने मुख्यमंत्री से अपील की कि माननीय अदालत के फैसलों तथा कर्मचारियों और पेंशनधारकों की मान-मर्यादा का सम्मान किया जाए और लाखों कर्मचारियों को और अधिक अनिश्चितता व मुकदमेबाजी में न धकेला जाए।
Comments
Post a Comment