हरियाणा की भाजपा सरकार की तर्ज पर पंजाब के किसानों को मिले एम.एस.पी. और फसल बीमा : खन्नापूर्व सांसद ने किसानों के हकों के मुद्दे पर पंजाब की आप सरकार को घेरा


होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 
 पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने अपने कार्यालय में मिलने पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब के किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार किसानों के हकों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसान आज अपनी फसलों, लागत और भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है। खन्ना ने कहा कि यदि पंजाब सरकार वास्तव में किसान हितैषी होने का दावा करती है तो उसे पड़ोसी राज्य हरियाणा की भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों से सीख लेते हुए पंजाब के किसानों को उनकी फसलों पर एम.एस.पी. का प्रभावी लाभ सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना उनका अधिकार है और सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे किसान अपनी फसल बेचते समय आर्थिक रूप से असुरक्षित महसूस न करे। पूर्व सांसद ने पंजाब सरकार से मांग की कि राज्य के किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड उपलब्ध करवाकर मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार वैज्ञानिक खेती के लिए मार्गदर्शन दिया जाए। साथ ही, प्राकृतिक आपदाओं, मौसम की मार और अन्य जोखिमों से किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए फसल बीमा योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। खन्ना ने कहा कि पंजाब का किसान केवल वोट बैंक नहीं बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आधार है। सरकार को किसानों के साथ राजनीतिक वादों के बजाय ठोस नीतियों और जमीनी स्तर पर परिणाम देने वाली योजनाओं के माध्यम से खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सरकार को किसानों के हितों पर राजनीति करने के बजाय किसान हित में ठोस फैसले लेने चाहिए, ताकि पंजाब का अन्नदाता सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के साथ खेती कर सके। उन्होंने कहा की पंजाब सरकार तत्काल किसान संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करे तथा एम.एस.पी., सॉयल हेल्थ कार्ड और फसल बीमा सहित किसान कल्याण से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाए। इस मौके खन्ना के साथ एस.पी. दीवान सहित अन्य अगंमान्य भी उपस्थित थे.

Comments