तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं, खालिस्तानी मानसिकता पर हो कड़ी कार्रवाईहोशियारपुर प्रशासन की नाक तले तिरंगे का अपमान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : निपुण शर्मा


होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 
होशियारपुर में प्रशासन की नाक तले देश की आन, बान और शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान की घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यह केवल तिरंगे का अपमान नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। प्रशासन को इस मामले को महज कानून-व्यवस्था की सामान्य घटना समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।

यह बात भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने जारी प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती को कुछ तथाकथित खालिस्तानी समर्थक “खालिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगाकर बदनाम करने और माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी देश-विरोधी मानसिकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।देश के संविधान में आस्था न रखने वाले ऐसे तथाकथित लोग पंजाब में हिन्दू -सिख भाईचारे में दरार डालने की असफल कोशिश कर रहे है।
निपुण शर्मा ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की नरमी और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ऐसे तथाकथित देशद्रोही तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की किसी भी साजिश को सरकार को गंभीरता से लेना होगा। कानून सभी के लिए समान है और देश की एकता-अखंडता के साथ खिलवाड़ करने वालों पर बिना किसी राजनीतिक दबाव के कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, शहीदों के बलिदान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। तिरंगे का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन तत्काल घटना की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
निपुण शर्मा ने कहा कि पंजाब के लोग देशभक्त हैं और पंजाब की धरती ने देश की रक्षा के लिए सबसे अधिक बलिदान देने वाले वीर सपूत पैदा किए हैं। कुछ मुट्ठीभर अलगाववादी तत्व पूरे पंजाब की छवि खराब नहीं कर सकते।

उन्होंने प्रशासन और पंजाब सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर चुप्पी नहीं, निर्णायक कार्रवाई चाहिए। तिरंगे का अपमान करने वालों और पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई ही देश और समाज के प्रति सच्ची जिम्मेदारी होगी।

Comments