पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार, AI और उद्यमिता पर जोर: सोनाली गिरीस्कूलों से कॉलेजों तक आधुनिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
पंजाब सरकार द्वारा स्कूली और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं। शिक्षा सचिव पंजाब सोनाली गिरी आईएएस ने वरिष्ठ संवाददाता साथ विशेष बातचीत के दौरान सरकार की शिक्षा सुधार पहलों की जानकारी साझा की।
सोनाली गिरी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और भविष्य के अनुरूप शिक्षा प्रदान करना है। स्कूली शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), उद्यमिता और आधुनिक तकनीकी कौशल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और उद्यमशील सोच विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और सरकार उनके जायज मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षकों को बेहतर सहयोग, प्रशिक्षण और अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों में डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, करियर जागरूकता, व्यावहारिक शिक्षा और तार्किक सोच पर भी जोर दिया जा रहा है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के बुनियादी ढांचे तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। पंजाब में केंद्रीकृत ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए दाखिला प्रक्रिया को अधिक सुचारू और सुविधाजनक बनाया गया है।
सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के स्टाफ को सरकारी शिक्षा प्रणाली में मर्ज करने की लंबे समय से चली आ रही मांग के संबंध में सोनाली गिरी आईएएस ने कहा कि यह मामला पंजाब सरकार के विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस मामले की समीक्षा कर रही है और उचित निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की प्रगति शिक्षा की गुणवत्ता से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है। स्कूलों और कॉलेजों को मजबूत करना, शिक्षकों के मुद्दों का समाधान करना तथा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
Comments
Post a Comment