डेंगू के खिलाफ जंग को प्रभावी बनाने के लिए 20 हॉटस्पॉट में घर-घर जाकर होगी जांच: आशिका जैन- नर्सिंग कॉलेजों को निर्धारित संख्या में विद्यार्थी वालंटियर्स उपलब्ध करवाने के निर्देश



होशियारपुर/दलजीत अजनोहा 
 डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘डेंगू ते वॉर’ अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं नर्सिंग कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू के 20 चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में घर-घर जाकर लारवा की जांच का अभियान पूरी गंभीरता और निरंतरता के साथ चलाया जाए।

उन्होंने बताया कि ज़िला प्रशासन की ओर से रेडक्रास सोसायटी के साथ मिलकर इस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त से कर दी गई है। इसके तहत 250 वालंटियर्स और 20 लारवा चेकर्स के माध्यम से घर-घर जाकर जांच की जानी है, जबकि इन गतिविधियों की निगरानी 4 गवर्नेंस फेलोज द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक श्री गुरु राम दास कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मदर मैरी कॉलेज ऑफ नर्सिंग और एस.टी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लिया है।

बैठक में बताया गया कि अब तक हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 9,358 घरों की जांच की गई है तथा 176 स्थानों पर डेंगू का लारवा पाया गया। अभियान में कुल 130 वालंटियर्स ने भाग लिया, जिनमें एसजीआरडी कॉलेज के 88, मदर मैरी कॉलेज के 28 और एस.टी. कॉलेज के 14 विद्यार्थी शामिल हैं। अब तक दो बार घरों का सर्वे किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के दो दिन मंगलवार व शुक्रवार को टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी।  

डिप्टी कमिश्नर ने जिला एपीडिमोलॉजिस्ट डॉ. जगदीप को अभियान से संबंधित आंकड़े पूरी तरह सटीक एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने होशियारपुर के सभी नर्सिंग कॉलेजों को प्रस्तावित डेंगू डोर-टू-डोर एक्शन प्लान के लिए अपने विद्यार्थी वालंटियर्स तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रयात कॉलेज ऑफ नर्सिंग और सरकारी एएनएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा वालंटियर्स की ट्रेनिंग तुरंत शुरू की जाए और किसी भी प्रकार की देरी न की जाए।

बैठक में कॉलेजों को अपने नोडल अधिकारियों के साथ निर्धारित संख्या में विद्यार्थी वालंटियर्स उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। मदर मैरी कॉलेज ऑफ नर्सिंग को, रयात कॉलेज ऑफ नर्सिंग को तय की गई संख्या के हिसाब से विद्यार्थी (दो दिन प्रति सप्ताह 100-100 के रोस्टर के अनुसार), एस.टी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग को तथा श्री गुरु राम दास कॉलेज को विद्यार्थी उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। 

आशिका जैन ने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने और डेंगू के लारवा की संभावित जगहों को नियमित रूप से साफ रखने की अपील की।
इस मौके पर सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) गुरकंवल सिंह, सिविल सर्जन डॉ. मंदीप कमल के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Comments