1996 से जरूरतमंदों की सेवा में जुटे मोहन लाल मोहनी, अब तक 2084 जरूरतमंद बेटियों के करवाए विवाहविशेष बातचीत में साझा किए जनहित कार्यों के अनुभव



होशियारपुर/ऊना/दलजीत अजनोहा 
जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों की सहायता के लिए लंबे समय से कार्य कर रहे सोशल वर्कर मोहन लाल मोहनी जी से वरिष्ठ संवाददाता दलजीत सिंह अज्नोहा ने उनके द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों को लेकर विशेष बातचीत की।

बातचीत के दौरान मोहन लाल मोहनी ने बताया कि वह वर्ष 1996 से लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की मदद करना उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य रहा है।

उन्होंने बताया कि अब तक उनकी संस्था के माध्यम से 2084 जरूरतमंद बेटियों के विवाह करवाए जा चुके हैं। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के निःशुल्क विवाह करवाने के साथ-साथ उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुसार घर-गृहस्थी का जरूरी सामान भी उपलब्ध करवाया जाता है, ताकि विवाह के बाद परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

मोहन लाल मोहनी ने बताया कि उनकी संस्था केवल विवाह करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग किया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने तथा उन्हें शिक्षा जारी रखने में हरसंभव सहायता देने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि समाज में सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। यदि सामूहिक प्रयास किए जाएं तो अनेक गरीब परिवारों और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

वरिष्ठ संवाददाता दलजीत सिंह अज्नोहा से बातचीत के दौरान मोहन लाल मोहनी ने अपने लंबे सामाजिक सेवा सफर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना उनके लिए केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है

Comments