* हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फगवाड़ा कार्यक्रम में पंजाब सरकार पर साधा निशाना, कारगिल वीरों को दी श्रद्धांजलि
फगवाड़ा/होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
‘नव्या हेल्पिंग हैंड्स’ द्वारा महाराजा पैलेस, बंगा रोड, फगवाड़ा में आयोजित वेंटिलेटर एम्बुलेंस का लोकार्पण समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर सेवा, संवेदना और जनकल्याण का प्रेरक संगम बन गया। इस अवसर पर हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और उन्होंने वेंटिलेटर युक्त एम्बुलेंस को जनसेवा हेतु समर्पित किया तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात हुआ है तथा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने हाल ही में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवादों और अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं का भरोसा डगमगाया है। उन्होंने फार्मेसी पेपर लीक तथा आबकारी विभाग की भर्ती परीक्षा में सामने आए कथित अनियमित मामलों पर भी सवाल उठाए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पारदर्शी भर्ती, एमएसपी पर फसल खरीद, महिलाओं के खातों में सीधी सहायता, तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को लाभ पहुँचाया जा रहा है।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने युवाओं से शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने का आह्वान किया। उन्होंने पंजाब को गुरुओं और संतों की पावन धरती बताते हुए कहा कि यहाँ के लोग सेवा, मेहनत और समर्पण के लिए जाने जाते हैं।
कार्यक्रम में ‘नव्या हेल्पिंग हैंड्स’ के चेयरमैन, पूर्व केंद्रीय मंत्री, होशियारपुर के पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री विजय सांपला तथा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री आशु सांपला के नेतृत्व में यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए श्री विजय सांपला ने बताया कि फाउंडेशन की स्थापना उनकी दिवंगत पौत्री नव्या की स्मृति में की गई थी, और उसी स्मृति में यह वार्षिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव सेवा का निरंतर संकल्प है।
फाउंडेशन द्वारा समर्पित वेंटिलेटर एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए जनता को अर्पित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने समाज के लिए अत्यंत उपयोगी कदम बताया। मुख्यमंत्री ने सांपला परिवार और ‘नव्या हेल्पिंग हैंड्स’ के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में नई ऊर्जा और संवेदना का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विश्वकर्मा मंदिर तथा गुरुद्वारा सुखचैन साहिब में मत्था टेका और फगवाड़ा से प्रस्थान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री अशोक मित्तल, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला, संत गुरचरण सिंह(निर्मल कुटीया पंडवा वाले),श्री आशु सांपला, श्री बलभद्र सैंन दुग्गल, श्री तेजस्वी भारद्वाज,श्री महिंद्र थापर,श्री शीतल अंगुराल,श्री मंजीत बाली, भाजपा कपूरथला जिला अध्यक्ष श्री रणजीत सिंह खोजेवाल, पंजाबी अभिनेता श्री हॉबी धालीवाल, सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment