बरसात के मौसम में डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क, हर परिवार को मिल सकता है 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज: डॉ. मनप्रीत सिंह बैंस



होशियारपुर/दलजीत अजनोहा।

बरसात के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। यह जानकारी पीएचसी हरटा बडला के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) एवं जनरल सर्जन डॉ. मनप्रीत सिंह बैंस ने वरिष्ठ पत्रकार दलजीत अजनोहा से विशेष बातचीत के दौरान दी।

डॉ. बैंस ने बताया कि बरसात के दिनों में डेंगू और मलेरिया फैलने की आशंका काफी बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए सरकार द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव और घर-घर जाकर निरीक्षण कर रही हैं। टीमें यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कहीं भी पानी जमा न हो, क्योंकि जमा हुआ पानी मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण होता है। जहां भी लार्वा या मच्छरों के पनपने की संभावना मिलती है, वहां तुरंत उसे नष्ट किया जाता है तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का छिड़काव भी किया जाता है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। पानी की टंकियों और अन्य जल स्रोतों में डालने के लिए विभाग की ओर से विशेष गोलियां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि पानी सुरक्षित रहे और मच्छरों की उत्पत्ति को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. बैंस ने बताया कि उनके ब्लॉक में अब तक 20 हजार से अधिक लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। अस्पताल में योजना से जुड़े एम्पैनल्ड अस्पतालों की सूची भी प्रदर्शित की गई है, ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि किन-किन अस्पतालों में इस कार्ड के माध्यम से उपचार कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत लगातार गांवों और मोहल्लों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। यदि किसी परिवार का अभी तक योजना के अंतर्गत कार्ड नहीं बना है, तो वह पीएचसी हरटा बडला से संपर्क कर सकता है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ प्राप्त हो सकता है।

डॉ. बैंस ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें तथा मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Comments