नशा मुक्ति के लिए नए ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक का हुआ भव्य उद्घाटनयुवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : ब्रह्म शंकर जिंपा
नशा मुक्ति के लिए नए ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक का हुआ भव्य उद्घाटन
युवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : ब्रह्म शंकर जिंपा
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
— नशे के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज ऐतिहासिक गांव बजवाड़ा में OOAT (Outpatient Opioid Assisted Treatment) क्लीनिक का उद्घाटन विधायक हलका होशियारपुर श्री ब्रह्म शंकर जिंपा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) डॉ.निधि कुमुद (पी.सी.एस.), डॉ.स्वाति शीमार, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर एवं सदस्य सचिव जिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सोसायटी, सीनियर मेडिकल अधिकारी इंचार्ज ब्लॉक हारटा बडला डॉ. नप्रीत सिंह बैंस, मेडिकल अधिकारी डॉ.जसलीन कौर, मैनेजर निशा रानी, काउंसलर प्रशांत आद्या, अमनदीप तिवाड़ी के अलावा पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय नेता, आशा वर्कर, समाजसेवी तथा गांववासी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि पंजाब सरकार नशे की बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने बताया कि जिला होशियारपुर में वर्तमान में संचालित 16 ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को मानक, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जहां मरीज बिना किसी डर या झिझक के अपना निःशुल्क इलाज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांव बजवाड़ा में ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक खुलने से अब युवाओं को इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। नशा छोड़ने के इच्छुक मरीजों को गांव स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में दवाइयां, काउंसलिंग तथा मनोवैज्ञानिक सहायता निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार आने के साथ-साथ उनके सामाजिक और पारिवारिक जीवन को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ.स्वाति शीमार ने जानकारी देते हुए कहा कि OOAT सेवाएं नशे के आदी मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं तथा इनके माध्यम से अनेक मरीज नशा छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यहां मरीज को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं पड़ती। प्रभावित युवा प्रतिदिन यहां आकर अपनी दवा ले सकते हैं और साथ ही अपना सामान्य कार्य या पढ़ाई भी जारी रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि ओ.ओ.ए.टी. क्लीनिक में उपचार के दौरान मरीजों की गोपनीयता पूरी तरह सुनिश्चित की जाती है ताकि वे बिना किसी सामाजिक भय या झिझक के अपना इलाज करवा सकें। समारोह के दौरान काउंसलर प्रशांत आद्या द्वारा नशे के दुष्प्रभावों संबंधी जागरूकता संदेश भी दिया गया तथा युवाओं को खेलों, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सीनियर मेडिकल अधिकारी डॉ.मनप्रीत सिंह बैंस ने कहा कि गांव बजवाड़ा तथा आसपास के दर्जनों गांवों के लिए यह क्लीनिक एक वरदान साबित होगा। पहले इलाज के लिए शहर के बड़े अस्पतालों में जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी, लेकिन अब यह सुविधा बिल्कुल नजदीक उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि यहां नशा छुड़ाने के साथ-साथ युवाओं की मानसिक काउंसलिंग भी की जाएगी ताकि वे स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल हो सकें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नशे के खात्मे के लिए अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और जरूरतमंद व्यक्तियों को OOAT क्लीनिक की सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
समारोह के अंत में गांव की पंचायत और गणमान्य व्यक्तियों ने सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की और विश्वास दिलाया कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।
Comments
Post a Comment