सरहाला कलां में पंचायत भूमि पर कथित रूप से बने अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर


होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
 पंजाब सरकार के "युद्ध नशों के विरुद्ध" अभियान के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को थाना चब्बेवाल के अंतर्गत गांव सरहाला कलां में पंचायत की भूमि पर कथित रूप से किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एसपी मेजर सिंह (पीबीआई) ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह मकान संदीप कौर और उसके पति बुद्ध राम का बताया जाता है, जिन पर बड़े स्तर पर नशा तस्करी करने के आरोप हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 14 मामले दर्ज हैं। इनमें से 3-4 मामलों में उन्हें सजा हो चुकी है और वे वर्तमान में सजा काट रहे हैं, जबकि अन्य मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
एसपी मेजर सिंह ने बताया कि संबंधित मकान पंचायत की भूमि पर कथित रूप से अवैध रूप से बनाया गया था। इस भूमि को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में फैसला ग्राम पंचायत के पक्ष में आया था। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी भारत भूषण, डीएसपी शाम सुंदर, थाना चब्बेवाल के एसएचओ हरजीत सिंह, माहिलपुर की एसएचओ रमणदीप कौर, पंचायत सचिव प्रवीण सोनी, सरपंच मोहन सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Comments