होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक में आज दसूहा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) के पद को मंजूरी प्रदान कर दी गई। इस उपलब्धि का श्रेय दसूहा के विधायक एडवोकेट करमबीर सिंह घुम्मण के निरंतर प्रयासों और पैरवी को दिया जा रहा है।
नई प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दसूहा, तलवाड़ा, मुकेरियां, हाजीपुर तथा गढ़दीवाला तहसीलें एडीसी दसूहा के अधिकार क्षेत्र में आएंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं प्राप्त करने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा सरकारी कार्यों का निपटारा पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से हो सकेगा।
विशेष बातचीत के दौरान विधायक एडवोकेट करमबीर सिंह घुम्मण ने बताया कि एडीसी पद की मंजूरी दसूहा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासन आम जनता के और अधिक निकट पहुंचेगा तथा लोगों की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय भविष्य में दसूहा को जिला बनाए जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और पहला कदम साबित होगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर समस्त दसूहा क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
एडीसी कार्यालय की स्थापना से विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
Comments
Post a Comment