शिमला पहाड़ी चौक की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या का समाधान- विधायक जिंपा ने बरसाती पानी की निकासी के लिए किया स्ट्राम प्रोजेक्ट का उद्घाटन- कहा, लोगों को बरसात के दिनों जलभराव की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
होशियारपुर के लोगों को बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने आज शिमला पहाड़ी चौक में बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाए गए नए इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आई.पी.एस.) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्ट्राम सीवर का यह प्रोजेक्ट बरसातों के दौरान लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा और आसपास के क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक जिंपा ने बताया कि वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड की ओर से लगभग 1 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि शिमला पहाड़ी चौक पर हर वर्ष बरसात के दौरान भारी मात्रा में पानी एकत्र हो जाता था, जिसके कारण आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित होता था और लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दिलाई गई और अब इसका कार्य पूर्ण होने के बाद लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विधायक जिंपा ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत शिमला पहाड़ी क्षेत्र से लेकर भंगी चोअ तक विशेष पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से बरसाती पानी को सीधे भंगी चोअ में छोड़ा जाएगा। इससे चौक और आसपास के इलाकों में पानी जमा नहीं होगा तथा बरसात के दिनों में आवागमन सुचारू बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी के तहत विभिन्न विकास प्रोजेक्टों को तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई व्यवस्था आगामी मानसून सीजन में अपनी उपयोगिता सिद्ध करेगी और क्षेत्र में जलभराव की समस्या को काफी हद तक समाप्त कर देगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों ने भी इस प्रोजेक्ट शुरू होने पर खुशी व्यक्त की और विधायक जिंपा का आभार जताया। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, अजय वर्मा, सुदर्शन धीर, संतोष सैनी, अजय सैनी, मंजीत सिंह, विकास सैनी, सुभाष चंद्र, प्रदीप सैनी तथा कुलविंदर सिंह हुंदल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment