प्री-एसआईआर मैपिंग में तेजी लाने के लिए 7 जून को जिले के सभी पोलिंग स्टेशनों पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप: आशिका जैन



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मौजूदा मतदाताओं की मैपिंग के लिए प्री-स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (प्री-एसाआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं तेज़ बनाने के उद्देश्य से 7 जून 2026 (रविवार) को जिले के सभी पोलिंग स्टेशनों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह विशेष कैंप सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने पोलिंग बूथों पर उपस्थित रहकर मौजूदा मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग का कार्य करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष कैंप की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों और उनके बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलएज) के साथ समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाएं।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी कैंप के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण करें तथा बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे 7 जून को स्पेशल कैंप के लिए पोलिंग स्टेशन की बिल्डिंग खुली रखें, ताकि वोटर्स को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

आशिका जैन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस विशेष अभियान में सहयोग करें और अपने संबंधित पोलिंग स्टेशन पर पहुंचकर मतदाता सूची की मैपिंग करवाएं।

Comments