होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
फुटबॉल के क्षेत्र में विदेश की धरती पर अपने गाँव, ब्लॉक, ज़िला, पंजाब और भारत का नाम रोशन करने वाले 17 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी आकाश के साथ एक विशेष बातचीत आयोजित की गई। आकाश ने स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप 2026, मेक्सिको सिटी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम YFC को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गोलकीपर के रूप में खेलते हुए आकाश और उनकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा तथा बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। हालांकि टीम उपविजेता रही, लेकिन उनके प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।
आकाश के अपने गाँव पंजौड़ (जिला होशियारपुर) लौटने पर पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया, मिठाइयाँ बांटीं और इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। लोगों ने आकाश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ और आशीर्वाद दिए।
विशेष बातचीत के दौरान आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया। साथ ही उन्होंने अपने दिवंगत कोच स्वर्गीय जसी प्रमुख को अपनी इस उपलब्धि का मुख्य प्रेरणास्रोत बताया। आकाश ने कहा कि फुटबॉल की बारीकियों से लेकर मैदान में अनुशासन, अभ्यास और खेल भावना की सीख उन्हें स्व. जसी प्रमुख से ही मिली थी।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके कोच ने उन्हें फुटबॉल से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात सिखाई और आज जो भी सफलता उन्हें मिली है, उसमें उनके कोच का सबसे बड़ा योगदान है। आकाश ने अपने गाँव के सभी धार्मिक स्थलों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें वहां से हमेशा आशीर्वाद और प्रेरणा मिलती रही है।
आकाश की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और गाँव के लिए बल्कि पूरे पंजाब और देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Comments
Post a Comment