जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षाएडीसी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य निपटारे के निर्देश



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों, योजनाओं तथा लंबित कार्यों पर गहन चर्चा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने भू-नक्शा, मेरा घर मेरे नाम, ईजी रजिस्ट्रेशन तथा ईजी जमाबंदी योजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन से संबंधित रिकवरी का विस्तृत जायजा लेते हुए लंबित भूमि राजस्व बकाया की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की सेवाओं को आम जनता के लिए अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित चल रहे मामलों की स्थिति रिपोर्ट, खसरा-वाइज मैपिंग, सिविल कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) समय पर जमा करवाने तथा गैर-कानूनी माइनिंग से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा की। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जनगणना, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, एसआईआर तथा जल शक्ति अभियान से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। निकास कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) निधि कुमुद बंबाह, एस.डी.एम. मुकेरियां ज्योत्सना, एस.डी.एम. होशियारपुर परमप्रीत सिंह, एस.डी.एम. टांडा लवप्रीत सिंह, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Comments