म्यूनिसिपल चुनावों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क : निकास कुमार- अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास)-कम-अतिरिक्त ज़िला निर्वाचन अधिकारी निकास कुमार ने आज ज़िले में होने वाले म्यूनिसिपल चुनावों के मद्देनज़र विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।

निकास कुमार ने बताया कि पंजाब राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नगर कौंसिलों के आम चुनावों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि मतदान 26 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक करवाया जाएगा, जबकि मतगणना 29 मई को होगी।

उन्होंने अधिकारियों को चुनाव संबंधी विभिन्न जिम्मेदारियों से अवगत करवाते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निभाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अतिरिक्त ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवार 16 मई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके उपरांत 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा उम्मीदवार 19 मई तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।

बैठक के दौरान चुनाव ड्यूटी, पोलिंग स्टाफ की नियुक्ति, सुरक्षा प्रबंध, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं, चुनावी सामग्री की उपलब्धता तथा आदर्श आचार संहिता की पालना संबंधी मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

निकास कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर जिला विकास व पंचायत अधिकारी संदीप सिंह, डिप्टी सीईओ ज़िला परिषद धारा कक्कड़ के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Comments