भाजपा के आवेदनकर्ताओं को निर्देश, आधिकारिक घोषणा से पहले स्वयं को उम्मीदवार न बताएं



माहिलपुर/दलजीत अज्नोहा 
जिला भाजपा कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला भाजपा महामंत्री बिन्दुसार शुक्ला और जसवीर सिंह ने कहा कि जिला कार्यालय को निगम चुनावों से संबंधित कुछ लोगों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिन्होंने भाजपा के कमल का फूल चुनाव चिन्ह पर लड़ने के लिए आवेदन किया है, उनमें से अधिकतर आवेदनकर्ता कमल का फूल चुनाव चिन्ह आदि लगाकर सोशल मीडिया पर अपने आपको भाजपा के संभावित उम्मीदवार के रूप में प्रदर्शित कर रहे हैं।
शुक्ला ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार अभी तक किसी भी कार्यकर्ता को निगम चुनाव का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। जब तक किसी को पार्टी द्वारा अधिकृत रूप से उम्मीदवार घोषित नहीं किया जाता, तब तक भाजपा से चुनाव लड़ने के इच्छुक कोई भी आवेदनकर्ता सोशल मीडिया पर स्वयं को भाजपा उम्मीदवार घोषित न करें।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है तथा सभी चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को पार्टी की मर्यादा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए। पार्टी नेतृत्व द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

Comments