भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड द्वारा पोंग डैम पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 

 भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड द्वारा आज पोंग डैम पर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

पोंग डैम स्थित शहीदी स्मारक पर मुख्य अतिथि अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी सहित विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर डैम के निर्माण के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि इस डैम के निर्माण में मजदूरों और इंजीनियरों ने अपना खून-पसीना एक किया, तभी यह राष्ट्र गौरव परियोजना साकार हो सकी। इस अवसर पर मजदूरों की कड़ी मेहनत, लगन तथा संस्थान के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया।

इस मौके पर अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर किसी भी संस्था की मजबूत नींव होते हैं और उनके बिना विकास संभव नहीं है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की उपलब्धियों में मजदूरों, कर्मचारियों तथा समूचे स्टाफ की मेहनत और समर्पण का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से मिलजुल कर कार्य करने तथा संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अन्य के अलावा कार्यकारी अभियंता अरविंदरपाल सिंह ऊब्बी, कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा, एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, शुभम सिंह, ज्ञानेंद्र सहित यूनियन नेता शिव कुमार और विजय कुमार समेत बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments