होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
भारत विकास परिषद की ओर से प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में श्री गोपाल मन्दिर जालंधर रोड में एक जरूरतमंद परिवार की लड़की की शादी के लिए राशन सामग्री भेंट कर समाज सेवा का सराहनीय कार्य किया गया। इस सेवा कार्य में समाजसेवी डा. आशीष सरीन, जो कि भारत विकास परिषद के संरक्षक भी हैं, का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के सदस्यों ने उपस्थित होकर बेटी के उज्ज्वल एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। परिषद की ओर से परिवार को राशन सामग्री एवं अन्य घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं ताकि विवाह की तैयारियों में परिवार को आर्थिक एवं मानसिक सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर संजीव अरोड़ा ने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव सेवा, सहयोग, संस्कार एवं समर्पण की भावना के साथ समाजहित में कार्य करती आ रही है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में सहयोग करना अत्यंत पुण्य एवं मानवता से जुड़ा कार्य है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
उन्होंने कहा कि आज के समय में सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने की अत्यंत आवश्यकता है। यदि समाज के लोग मिलकर जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनें, तो कई परिवारों की परेशानियों को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेटियां पूरे समाज की सांझी जिम्मेदारी होती हैं और उनकी खुशियों में सहयोग देना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर समाज सेवी डा. आशीष सरीन ने कहा कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रखेगी। परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी समाजसेवियों एवं परिषद सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने से समाज में प्रेम, भाईचारा एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बेटी के सुखद दांपत्य जीवन, अच्छे स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं। इस अवसर पर दविंद्र अरोड़ा, एच. के. नाकड़ा, विजय अरोड़ा,मदन लाल महाजन, नरेश गुप्ता, विनोद पसान, प्रिं. डी. के. शर्मा,टिंकू नरूला, अजय चावला, अश्वनी कुमार दत्ता,तरसेम मोदगिल, एन. के. गुप्ता, परवीन खुराना, वरिंदरजीत सिंह, रजिंद्र मोदगिल, रविंद्र भाटिया व अन्य उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment