मोहाली/दलजीत अज्नोहा
संत निरंकारी सत्संग भवन, फेस-6 मोहाली में एक विशाल निरंकारी बाल संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों और साध संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता संत निरंकारी मंडल, चंडीगढ़ ज़ोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने की। यह समागम निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की पावन शिक्षाओं और आशीर्वादों से प्रेरित रहा, जिनके मार्गदर्शन में निरंकारी मिशन विश्वभर में प्रेम, एकता और मानवता का संदेश दे रहा है।अपने आशीर्वचनों में श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंकार प्रभु की समय के सतगुरु से जानकारी प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि निरंकार सर्वव्यापक और सर्वशक्तिमान है तथा निरंकार-प्रभु की अनेकों शक्तियां हमारा तथा इस ब्रह्मांड का संचालन कर रहीं हैं। उन्होंने बताया कि मानव जीवन का मुख्य उद्देश्य इस ईश्वर - परमात्मा को जानना और उसके साथ जुड़ना है।उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने माता-पिता का श्रद्धा भाव से सम्मान करें और उनकी आज्ञा का पालन करें, क्योंकि वही हमारे प्रथम गुरु होते हैं तथा उनके कठिन परिश्रम के कारण ही हमारे मुँह में आज निवाला है। उन्होंने यह भी कहा कि वे माता-पिता धन्य हैं, जो अपने बच्चों को सत्संग से जोड़ते हैं और उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने यह भी प्रेरणा दी कि बच्चे अपनी पढ़ाई की ओर विशेष ध्यान दें तथा मल्टीमीडिया एवं मोबाइल/टी.वी. इत्यादि के लिए सीमित समय निश्चित करें ।उन्होंने आगे कहा कि निरंकारी मिशन सभी को प्रेम, सत्कार, सहनशीलता और विनम्रता की भावना सिखाता है। बच्चों को अपने शिक्षकों और बुजुर्गों का भी आदर करना चाहिए, क्योंकि उनके अनुभव जीवन को सही दिशा देने में सहायक होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जो बच्चे संत मत के अनुसार जीवन जीते हैं, वे भविष्य में अवश्य ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं।समागम के अंत में मोहाली ब्रांच के इंचार्ज श्री गुलशन लूथरा जी ने तथा मोहाली TDI-City ब्रांच के मुखी महात्मा श्री गुरप्रताप जी ने सभी उपस्थित संगत और बच्चों का हार्दिक स्वागत एवं धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों को इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह समागम बच्चों के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत बना और सभी के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।
Comments
Post a Comment