विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, शिमला पहाड़ी, होशियारपुर ने मनाया 75वां स्थापना दिवस


होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, शिमला पहाड़ी, होशियारपुर ने गुरुवार, 21 मई 2026 को अपना 75वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया। यह अवसर इस संस्थान की गौरवशाली यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसने पिछले पचहत्तर वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों को संस्कारित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अनुराग सूद, सचिव डॉक्टर हर्षविंदर सिंह पठानिया, प्रधानाचार्या शोभा रानी तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और विद्यालय के इतिहास एवं उपलब्धियों से अवगत करवाते हुए मिठाइयां बांटी।

अपने संबोधन में विद्यालय के प्रधान अनुराग सूद ने संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की परंपराओं, अनुशासन एवं मूल्यों को बनाए रखते हुए शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सचिव डॉक्टर हर्षविंदर सिंह पठानिया ने विद्यालय की संस्थापिका सुश्री जगतावली सूद तथा सुश्री शारदा सूद जी को भी याद किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि इस विद्यालय के अनेकों विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने कार्यक्षेत्र में सर्वोच्च पदों पर आसीन हुए है।

यह आयोजन विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच मजबूत संबंधों और समर्पण का प्रतीक बना। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, गर्व और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला, जहां सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाया।

विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा।

Comments