समाजसेवी निताशा शिरोमणि अकाली दल में शामिल; नीति तलवाड़ ने वार्ड नंबर 47 की महिला अध्यक्ष किया नियुक्त
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय और हमेशा अग्रणी रहने वाली श्रीमती निताशा ने आज शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया। अकाली दल की वरिष्ठ महिला नेता नीति तलवाड़ ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया और मौके पर ही वार्ड नंबर 47 की महिला अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।
इस अवसर पर बोलते हुए नीति तलवाड़ ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब समाज में बदलाव की जरूरत पड़ी है, महिलाओं ने हमेशा आगे बढ़कर अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा:
"पंजाब सरकार ने महिलाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। आज प्रदेश की महिलाएं सरकार की नीतियों से निराश हैं और यही महिला शक्ति वर्ष 2027 के चुनावों में बड़ा बदलाव लाएगी।"
नीति तलवाड़ ने कहा कि निताशा जैसी मेहनती और समाज के प्रति समर्पित महिलाओं के पार्टी में शामिल होने से शिरोमणि अकाली दल को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 47 में अब पार्टी की गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।
पार्टी में शामिल होने के बाद श्रीमती निताशा ने नीति तलवाड़ और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।
इस मौके पर श्रीमती कृष्णा थापर, सोनिया तलवाड़, आस्था कपूर, सुषमा चड्ढा, परमजीत कौर, सोनिया, रिम्पी, मीना और आशा भी उपस्थित थीं।
Comments
Post a Comment