एलएचवीज़ और ए.एन.एम्स को HMIS और RCH 2.0 संबंधी प्रशिक्षण दिया गया



होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 

सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल जी के दिशा-निर्देशों के अनुसार नेको (राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संस्था) के सहयोग से ब्लॉक स्तर पर रिफ्रेशर ट्रेनिंग-कम-ओरिएंटेशन वर्कशॉप का आयोजन कार्यालय सिविल सर्जन के ट्रेनिंग हॉल में किया गया। इस वर्कशॉप में एच.एम.आई.एस (HMIS), आर.सी.एच 2.0, अनमोल ऐप (ANMOL App) और ए.बी.डी.एम (ABDM) संबंधी प्रशिक्षण सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल की अगुवाई में करवाया गया। इस प्रशिक्षण में जिले की एलएचवीज़ और एएनएम्स ने भाग लिया। इस मौके पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉक्टर रणजीत सिंह, जिला प्रोग्राम मैनेजर मुहम्मद आसिफ, डी.एम.ई.ओ अनुराधा ठाकुर, डी.एम.ई.आई.ओ तरसेम लाल, एच.एम.आई.एस कोऑर्डिनेटर शहबाज़ सिंह और नेको से दिलप्रीत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉक्टर रणजीत सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड स्टाफ को निर्देश दिया कि आर.सी.एच 2.0 के तहत सभी गर्भवती महिलाओं की आभा आई.डी (ABHA ID) बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके और माता एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी निगरानी की जा सके।

उन्होंने एच.एम.आई.एस (HMIS) के तहत एकत्र किए गए डेटा का विश्लेषण भी किया और डेटा एंट्री के दौरान आने वाली त्रुटियों को समय पर दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सही और समय पर डेटा अपडेट करने से स्वास्थ्य सेवाओं की योजना बनाने में मदद मिलती है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकती हैं। इस मौके पर एच.एम.आई.एस, आर.सी.एच 2.0 संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, ताकि स्टाफ अपनी ड्यूटी के दौरान डिजिटल प्रणालियों का सही उपयोग कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान पंजाब एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा एड्स कंट्रोल प्रोग्राम के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई और एच.आई.वी/एड्स की रोकथाम, जांच और जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश साझा किए गए।

अंत में जिला मास मीडिया अधिकारी तरसेम लाल ने कहा कि इस प्रकार की रिफ्रेशर ट्रेनिंग वर्कशॉप्स से फील्ड स्टाफ की कार्यकुशलता में सुधार आता है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

Comments