बिजली संकट को लेकर शिरोमणि अकाली दल हलका चब्बेवाल द्वारा हलका प्रभारी हरमिंदर संधू के नेतृत्व में किया रोष प्रदर्शन


हुशियारपुर/दलजीत अजनोहा
पंजाब में पड़ रही गर्मी के बीच बिजली के लंबे कटों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर आज शिरोमणि अकाली दल द्वारा पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के निर्देशानुसार पूरे पंजाब में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किए गए। हुशियारपुर के विधानसभा हलका चब्बेवाल में हलका प्रभारी हरमिंदर सिंह संधू के नेतृत्व में सैकड़ों आगुओं और वर्करों ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष मार्च और मुख्य मंत्री का पुतला फूककर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्खी, निर्मल सिंह भीलोवाल, सरपंच गुरचरण सिंह मिंटू चब्बेवाल के अतिरिक्त पार्टी के सीनियर आगू, हलका प्रभारी और बड़ी संख्या में वर्कर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पार्टी के झंडे और सरकार विरोधी नारों वाली तख्तियां लेकर सरकार की दमनकारी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरमिंदर सिंह संधू ने कहा कि "आज पंजाब में बिजली का पूरा सर्कल बिगड़ चुका है। चाहे घरेलू सेक्टर हो या कमर्शियल, हर तरफ बिजली की किल्लत के कारण हड़बड़ी मची हुई है। यह मौजूदा सरकार की नाकामी और दिशाहीन नीतियों का नतीजा है।" उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर फ्रंट पर फेल साबित हुई है जिस कारण 2027 की चुनावों में लोग इस निकम्मी सरकार को चलता कर सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनाएंगे। उन्होंने रोष धरने में पहुंचे आगुओं, वर्करों का धन्यवाद किया।

Comments