होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा व उनकी धर्मपत्नी श्री मती रेनू अरोड़ा ने अपनी विवाह की वर्षगांठ सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देते हुए सिविल अस्पताल में मरीजों के बीच मनाई। उन्होंने इस विशेष अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को फल, बिस्कुट, रस्क तथा अन्य खाद्य सामग्री वितरित की। संजीव अरोड़ा द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की अस्पताल परिसर में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशंसा की।इस अवसर पर सिविल अस्पताल के एसएमओ इंचार्ज नवजोत सिंह व श्री कृष्ण अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित थे। उनके साथ अस्पताल के , स्टाफ सदस्य तथा भारत विकास परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। मरीजों और उनके परिजनों ने संजीव अरोड़ा का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यों से उन्हें आत्मीयता और अपनापन महसूस होता है।इस अवसर पर संजीव अरोड़ा ने कहा कि जीवन में खुशी के अवसर केवल निजी उत्सव तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें जरूरतमंद लोगों की सहायता और समाज सेवा के रूप में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य शुभ अवसरों पर जरूरतमंदों की मदद करे, तो समाज में अनेक लोगों के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं।उन्होंने आगे कहा कि भारत विकास परिषद सदैव समाज सेवा, संस्कार, सहयोग और राष्ट्रभक्ति की भावना से कार्य करती रही है। परिषद के सभी सदस्य अपने खुशी के अवसरों पर वृक्षारोपण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, मरीजों की सेवा तथा सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। इसी सोच के तहत आज उनकी वर्षगांठ मरीजों के बीच मनाई गई है।
सिविल अस्पताल के एसएमओ इंचार्ज नवजोत सिंह ने भारत विकास परिषद और संजीव अरोड़ा के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे लोगों की आवश्यकता है, जो अपनी खुशियों को दूसरों के साथ बांटने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज कई प्रकार की परेशानियों से गुजरते हैं और ऐसे समय में यदि कोई उन्हें सम्मान और सहयोग देता है, तो इससे उनका मनोबल बढ़ता है।
इस अवसर पर श्री कृष्ण अरोड़ा ने कहा कि समाजसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और हर सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। इस प्रकार के आयोजन अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में परिषद के सदस्यों, अस्पताल स्टाफ और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने संजीव अरोड़ा को विवाह के वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उनके समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर विजय अरोड़ा, रविंद्र भाटिया, एच. के. नाकड़ा, रजिंद्र मोदगिल, दविंद्र अरोड़ा, मदन लाल महाजन, अश्वनी कुमार दत्ता, दीपक मेंहदीरत्ता, मास्टर गुरप्रीत सिंह, परवीन खुराना, शाखा बग्गा, प्रि. डी. के. शर्मा व अन्य उपस्थित थे।
Caption:- सिविल अस्पताल में मरीजों को खाद्य सामग्री वितरित करने जाते हुए प्रधान संजीव अरोड़ा, एस. एम. ओ. इंचार्ज नवजोत सिंह, कृष्ण अरोड़ा, विजय अरोड़ा व अन्य
Comments
Post a Comment