ज़िले में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न- ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों ने निभाई सक्रिय भूमिका- मॉक ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव एजेंसियों ने दिखाया बेहतर तालमेल


होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार शुक्रवाल डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के नेतृत्व में आज जिले में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न विभागों के तालमेल की जांच करना था।
डी.ए.वी कालेज होशियारपुर में मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम 8 बजे सिविल डिफेंस कंट्रोल सेंटर में रेड सिग्नल प्राप्त होने के साथ हुई। इसके तहत पूरे जिले में शाम 7:58 बजे दो मिनट के लिए हाई/लो पिच सायरन बजाए गए, ताकि लोगों को एयर रेड चेतावनी का संकेत दिया जा सके। इसके बाद पावरकॉम विभाग की ओर से शाम 8 बजे पूरे जिले में पूर्ण ब्लैकआउट लागू किया गया।
ब्लैकआउट के दौरान पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस वालंटियर्स ने आपसी तालमेल से पूरे जिले में ब्लैकआउट व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करवाया। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी रोशनी बंद रखी गई।
हवाई हमले का खतरा समाप्त होने के बाद सिविल डिफेंस कंट्रोल सेंटर से ग्रीन सिग्नल जारी किया गया, जिसके उपरांत पावरकॉम विभाग द्वारा ब्लैकआउट हटाया गया और पूरे जिले में लगातार दो मिनट तक हाई पिच सायरन बजाकर “ऑल क्लियर” का संकेत दिया गया।
डी.ए.वी कालेज होशियारपुर में मॉक ड्रिल के दौरान फायर ब्रिगेड विभाग, सिविल सर्जन विभाग, होमगार्ड्स (सिविल डिफेंस) तथा एनसीसी कैडेट्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने, राहत कार्य शुरू करने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का अभ्यास किया गया। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा घटनास्थल तक आपातकालीन रेस्क्यू सेवाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक नियंत्रण किया गया और प्रभावित क्षेत्र को कॉर्डन ऑफ कर सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी गई।
इस दौरान एसडीएम अमनदीप कौर संधू ने बताया कि यह मॉक ड्रिल सफल रही और इससे विभिन्न विभागों की आपसी तालमेल एवं आपदा प्रबंधन क्षमता का प्रभावी परीक्षण हुआ। उन्होंने सहयोग के लिए जिला वासियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर सब रजिस्ट्रार हरजोत सिंह, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस एडवोकेट लोकेश पुरी, डिप्टी चीफ वार्डन प्रमोद शर्मा, पंजाब होम गॉर्डस के कमांडर ट्रेनिंग सेंटर मनिंदर सिंह हीरा, कंपनी कमांडर अतिंदर सिंह, कंपनी कमांडर दविंदर सिंह के अन्य सिविल डिफेंस वालंटियर्स व एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद थे।

Comments