ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ यूनिट गांववासियों को समर्पितविधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार ने नई बनी इमारत का किया उद्घाटन



माहिलपुर /दलजीत अज्नोहा 

गांववासियों को बेहतर और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज सी.एच.सी हारटा बडला में नई तैयार हुई बी.पी.एच.यू (ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ यूनिट) की इमारत का उद्घाटन विधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार द्वारा किया गया। इस उद्घाटन समारोह में सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल, कार्यकारी डिप्टी मेडिकल कमिश्नर-कम-सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनप्रीत सिंह बैंस, समस्त मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ, हारटा और बडला गांव के सरपंच तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह के दौरान डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि यह नया ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ यूनिट गांव के लोगों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस यूनिट के शुरू होने से लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं, लैब टेस्ट तथा सामान्य बीमारियों का इलाज ब्लॉक स्तर पर ही उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

डॉ. इशांक कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लोगों की भलाई के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने हेतु लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है।सरकार का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाना और पंजाब को एक स्वस्थ एवं तंदुरुस्त राज्य बनाना है, जिसके लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने नए बने ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ यूनिट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यूनिट में अनुभवी और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति की गई है तथा सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह यूनिट समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि बीपीएचयू के निर्माण से एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मरीजों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस मौके पर एस.एम.ओ डॉ. मनप्रीत सिंह बैंस ने पंजाब सरकार, विधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार तथा जिले से आए अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सी.एच.सी में इस प्राइमरी हेल्थ यूनिट को गांववासियों को समर्पित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं में और सुधार होगा तथा किसी भी बीमारी के प्रकोप की स्थिति में उसे ब्लॉक स्तर पर नियंत्रित करने में यह यूनिट अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।

Comments