लैमरीन टेक स्किल यूनिवर्सिटी में इंडो-अफ्रीकन सांस्कृतिक समारोह का आयोजन- ग्लोबल पास करियर कंसल्टेंसी द्वारा आयोजित “ग्लोबल पास” टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाए अपने जौहर
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
लैमरीन टेक स्किल यूनिवर्सिटी में इंडो-अफ्रीकन सांस्कृतिक समारोह के साथ-साथ “ग्लोबल पास” टूर्नामेंट का आयोजन ग्लोबल पास करियर कंसल्टेंसी द्वारा किया गया, जिसमें भारत और अफ्रीकी देशों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न संस्कृतियों के बीच आपसी समझ और भाईचारे को बढ़ावा देना रहा।
समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। भारतीय और अफ्रीकी छात्रों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य और संगीत के माध्यम से अपनी-अपनी संस्कृति की झलक पेश की।
यूनिवर्सिटी के ग्राउंड में आयोजित “ग्लोबल पास” टूर्नामेंट में पंजाब की विभिन्न यूनिवर्सिटियों के अफ्रीकी छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन में अवार्ड सेरेमनी, किकबॉल और फुटबॉल मुकाबले मुख्य आकर्षण रहे।
अवार्ड सेरेमनी के दौरान माइकल एस गोनों को पंजाब का सर्वश्रेष्ठ कोच, रोज़लाइन ज़ोरिया को सर्वश्रेष्ठ किकबॉल खिलाड़ी, एनॉक पी वेह को सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी और स्कैली एंटरटेनमेंट को सर्वश्रेष्ठ इवेंट प्लेयर के रूप में सम्मानित किया गया।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वालों में नुवो डेविड, जॉर्जिना के ज़ेजाह और जॉर्ज एमएन डारसॉ शामिल रहे।
टूर्नामेंट में गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, आरआईएमटी यूनिवर्सिटी, रयात बाहरा यूनिवर्सिटी, लुधियाना कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पंजाब कॉलेज ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, देश भगत यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और साइनेटिक बिजनेस स्कूल की टीमों ने भाग लिया
खेल मुकाबलों में गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट ने फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता, जबकि लुधियाना कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने किकबॉल प्रतियोगिता में जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अफ्रीकन कोऑर्डिनेटर एलन डी यीलू और जॉर्ज एमएन डारसॉ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जो अफ्रीकन माइंड बिल्डर ऑर्गनाइजेशन के सीईओ और ऑल लाइबेरियंस इन इंडिया समाचार पत्र के वाइस प्रेसिडेंट भी हैं।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के चांसलर निर्मल सिंह रयात ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को अलग-अलग संस्कृतियों को समझने और आपसी मेल-जोल बढ़ाने का अच्छा अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का उद्देश्य छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है।
ग्लोबल पास करियर कंसल्टेंसी के डायरेक्टर गुरमिंदर सिंह मदान ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ने का अवसर देते हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
यूनिवर्सिटी के सीईओ विमल राव मनहोत्रा ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को नई सोच और बेहतर अवसरों से जोड़ते हैं।
अंत में विजेता टीमों को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार बीएस सान्याल ने इस सफल आयोजन के लिए ग्लोबल पास करियर कंसल्टेंसी का आभार व्यक्त किया। इस मौके स्पोर्ट्स डीन डॉ नवनीत कौर, जीडी मदान, मनोज कुमार, प्रेम मदान के अलावा छात्र मौजूद थे।
Comments
Post a Comment