**विदेशी संबंधों वाले नशा और हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार; 9.925 किलो हेरोइन, दो पिस्तौल , मैगजीन और कारतूस बरामद***गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे: डीजीपी गौरव यादव**गिरफ्तार आरोपियों में से एक बटाला में पुलिस पार्टी पर हुई गोलीबारी के मामले में भी शामिल है: एस.एस.पी. होशियारपुर संदीप मलिक
**होशियारपुर/दलजीत अजनोहा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता दर्ज करते हुए होशियारपुर पुलिस ने एक बड़े अंतर-राज्यीय/विदेशी संबंधों वाले नशा तस्करी और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार सदस्यों को 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो .30 बोर की विदेशी पिस्तौलें, आठ मैगज़ीन और 40 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ़ सोनू निवासी गांव पथरालियां (होशियारपुर), शिवम भंडारी निवासी धीना (जालंधर), साहिल मसीह उर्फ़ मोनू निवासी गांव पखोके टाहली (गुरदासपुर) और रमेल रोजर निवासी गढ़शंकर (होशियारपुर) के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे और उनके स्थानीय हैंडलर के रूप में काम करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खात्मा किया जा सके।
ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) होशियारपुर संदीप कुमार मलिक ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गढ़शंकर क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की और संदेह के आधार पर एक आई-20 कार को रोका तथा चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में तलाशी के दौरान उनकी गाड़ी से हेरोइन और हथियारों की खेप भी बरामद की गई।
एस.एस.पी. ने आगे कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक साहिल मसीह, जुमायम पेशा मुजरिम है और जिला बटाला में पुलिस पार्टी पर गोलीबारी की घटना में भी शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 61, दिनांक 19-04-2026, होशियारपुर के गढ़शंकर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत दर्ज की गई है।
Comments
Post a Comment