ज्ञान भारतम मिशन के तहत पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान शुरू : डिप्टी कमिश्नर- दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपि होने पर व्हाट्सऐप नंबर 98158-25999 पर साझा की जा सकती है जानकारी
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
भारत सरकार की ओर से ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत विभिन्न स्थानों पर मौजूद संरक्षित किए जाने योग्य पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियों (मैन्युस्क्रिप्ट्स) को खोजने, सम्मान देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि भारत सरकार द्वारा इस मिशन के तहत पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियों और दस्तावेजों को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इस मिशन के अंतर्गत इन सभी हस्तलिखित पांडुलिपियों की पहचान करने के बाद ज्ञान भारतम एप पर उनकी जानकारी अपलोड की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए जिले में सर्वे टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपियों की पहचान कर उनकी जानकारी ज्ञान भारतम ऐप पर अपलोड करेंगी। उन्होंने कहा कि सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर को इस मिशन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के निवासियों से इस मिशन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति, संस्था, पुस्तकालय, श्री गुरुद्वारा साहिब, मंदिर, डेरा या किसी अन्य स्थान पर कोई दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपि उपलब्ध है, तो उसकी जानकारी इस मिशन के लिए नियुक्त जिला खोज अधिकारी जसवंत राय के व्हाट्सएप नंबर 98158-25999 पर साझा की जाए, ताकि इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण मिशन की सफलता के लिए अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें।
Comments
Post a Comment