सहायक कमिश्नर ने सिविल डिफेंस ब्लैकआउट मॉक ड्रिल एक्सरसाइज की तैयारियों का लिया जायजा- 24 अप्रैल को रात 8 बजे से 8:20 बजे तक रहेगा पूर्ण ब्लैकआउट
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को होशियारपुर में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट मॉक ड्रिल एक्सरसाइज करवाई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। इस संबंधी वीरवार जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह की ओर से तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठक की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लैकआउट मॉक ड्रिल एक्सरसाइज के सभी प्रबंध पहले पूरे कर लिए जाएं।
सहायक कमिश्नर ने संबंधित विभागों जिनमें पावर कार्पोरेशन, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, नगर निगम आदि को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करवाया। उन्होंने होशियारपुर वासियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे रात 8 बजे सायरन बजने पर अपने घरों व दुकानों की लाइटों को 8.20 बजे तक (20 मिनट) के लिए पूरी तरह से बंद रखेँ। इस दौरान खासकर दुकानों के साइन बोर्डों में लगी लाइटों को भी बंद रखा जाए। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्थानीय डी.ए.वी. कॉलेज में मॉक ड्रिल भी की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक मॉक ड्रिल ब्लैकआउट एक्सरसाइज है और घबराने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि इस अभ्यास में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाए। इस मौके पर सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर, डी.एस.पी करतार सिंह के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
Comments
Post a Comment