विश्व टीकाकरण सप्ताह मनाने संबंधी जागरूकता गतिविधियों का आगाज़****होशियारपुर में 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक मनाया जाएगा विश्व टीकाकरण सप्ताह**



**होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा 

सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग की देखरेख में जिला होशियारपुर में 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विश्व टीकाकरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करना तथा टीकों से रोकी जा सकने वाली बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है।

सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने बताया कि विश्व टीकाकरण सप्ताह मनाने का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक टीकाकरण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे कई घातक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण सरकारी समय-सारणी के अनुसार अवश्य करवाएं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्ताह के दौरान जिले के शहरी और दूर-दराज क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, ताकि टीकाकरण कवरेज को बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही स्कूलों में इंटर-स्कूल क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और बच्चों में टीकाकरण के बारे में जानकारी प्रसारित की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि IEC (Information, Education & Communication) गतिविधियों के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा रैलियां निकालकर समाज में यह संदेश दिया जाएगा कि टीकाकरण सुरक्षित और आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाएं और प्रत्येक योग्य व्यक्ति का टीकाकरण सुनिश्चित करें।

अंत में सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दें और जिले को टीकाकरण में आगे ले जाने के लिए प्रयास करें।

Comments