होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने आज बाहोवाल क्षेत्र का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और विभिन्न सड़क परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने बाहोवाल से बाबा जख जी तक बन रही नई लिंक रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 2.2 किलोमीटर लंबी यह सड़क ₹1.5 करोड़ की लागत से तैयार की जा रही है, जो माहिलपुर के लिए एक मिनी बाईपास का काम करेगी। इस परियोजना के तहत कंक्रीट काज़वे का निर्माण भी किया जाएगा। विधायक ने कहा कि इस सड़क का विशेष महत्व है क्योंकि आज़ादी के बाद पहली बार इस मार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
डॉ. ईशांक कुमार ने बताया कि बाहोवाल से खेती भवन तक 1.5 किलोमीटर नई लिंक रोड के निर्माण के लिए भी ₹1.20 करोड़ की राशि जारी की गई है। इसके अलावा बाहोवाल–बाड़ीआं सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से को चौड़ा करने के लिए ₹8 करोड़ की मंजूरी दी गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि बाहोवाल के खेल मैदान के विकास कार्यों के लिए ₹5 लाख की ग्रांट जारी की गई है।
विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे का विकास उनकी प्राथमिकता है और ऐसे विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। सरपंच ठेकेदार हरदीप सिंह ने इन विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ इशांक का धन्यवाद किया और कहा कि उनके गांव के और विधान सभा क्षेत्र चब्बेवाल के लोग अपने विधायक की कारगुज़ारी से बेहद प्रसन्न हैं ।
Comments
Post a Comment