साडे बुजुर्ग-साडा मान” अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविर आयोजित - विधायक डॉ. इशांक कुमार ने किया शुभारंभ, बुजुर्गों को मिली स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं
होशियारपुर/दलजीत अज्नोहा
“साडे बुजुर्ग-साडा मान” अभियान के तहत जिला प्रशासन होशियारपुर की ओर से डॉ. अंबेडकर भवन, राम कॉलोनी कैंप में एक जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और बुजुर्ग नागरिकों के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस दौरान उनके साथ पीसीएस (अंडर ट्रेनिंग) गुरप्रीत कौर, ज़िला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बलविंदर कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बुजुर्ग नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे शिविर बुजुर्गों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए इस शिविर में बुजुर्ग नागरिकों के लिए विभिन्न चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा 67 बुजुर्गों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा 40 बुजुर्गों की नाक, कान व गले की जांच की गई। वहीं 431 बुजुर्ग नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं सामान्य दवाइयां मुफ्त प्रदान की गईं।
इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब की ओर से बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन एवं सीनियर सिटीजन कार्ड से संबंधित विशेष काउंटर भी लगाए गए। इस दौरान 12 बुजुर्ग नागरिकों के वृद्धावस्था पेंशन व सीनियर सिटीजन कार्ड के आवेदन किए गए।
विधायक डॉ. इशांक कुमार ने जिला प्रशासन एवं सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बुजुर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Comments
Post a Comment